अशोकनगर, 06 अक्टूबर।
मुंगावली की कक्षा सातवीं की छात्रा श्रीजी मिश्रा ने अपनी वक्तृत्व प्रतिभा के दम पर राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल कर अशोकनगर का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। सेंट मीरा स्कूल की छात्रा ने कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
भोपाल स्थित मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत राज्य स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह में मुख्यमंत्री ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली श्रीजी मिश्रा को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उनकी सफलता से स्कूल और परिवार के साथ जिले में भी खुशी का माहौल है।
श्रीजी की उपलब्धि को प्रतिभा और सही अवसर के मेल का उदाहरण बताया गया। कलेक्टर साकेत मालवीय ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को इसी तरह अपनी प्रतिभा को निखारते हुए जिले का नाम आगे बढ़ाना चाहिए।
जिला शिक्षा अधिकारी मधु शर्मा, डीपीसी राहुल शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुंगावली श्यामबिहारी शर्मा सहित स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी श्रीजी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।














