भोपाल, 06 अक्टूबर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती और औषधीय फसलों के लिए पहचान रखने वाला मंदसौर अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिले को 8-लेन एक्सप्रेसवे, गांधी सागर चीता परियोजना और पशुपतिनाथ लोक जैसी सुविधाएं मिली हैं। आने वाले समय में मंदसौर-नीमच एयरपोर्ट और परिवहन बस सेवा से भोपाल की सीधी कनेक्टिविटी भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को भोपाल से वर्चुअल माध्यम से मंदसौर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि जिले में आधुनिक तकनीक से औषधीय फसलों की खेती बढ़ रही है। एक जिला-एक उत्पाद के तहत मंदसौर के लहसुन की ब्रांडिंग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों को अब सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। गांवों में दुग्ध समितियां गठित की जा रही हैं और जैविक घी व दूध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। दुग्ध उत्पादन में 12 से 20 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में उन्नत किसानों को सम्मानित किया गया और कृषि प्रदर्शनी लगाई गई। सांसद सुधीर गुप्ता ने किसान कल्याण के लिए सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।














