जबलपुर, 06 अक्टूबर।
पुलिस और आरटीओ की संयुक्त कार्रवाई में 46 स्कूली वाहन जब्त किए जाने के बाद वाहन चालकों में नाराजगी फैल गई। मंगलवार को जबलिपुरम स्कूल वाहन चालक संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में चालक कलेक्ट्रेट पहुंचे और कार्रवाई में राहत देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
चालकों ने बताया कि निजी वाहनों से बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने का काम उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। बिना पूर्व सूचना हुई कार्रवाई के कारण परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मांगें नहीं माने जाने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार चालक पहले आरटीओ कार्यालय भी पहुंचे थे। अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखने के बाद उन्हें कलेक्टर से मिलने की सलाह दी गई। इसके बाद सदर पेंटीनाका चौक पर बैठक कर आगे की रणनीति तय की गई।
चालकों का कहना है कि वे नियमों का पालन करने के लिए तैयार हैं, लेकिन वाहनों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार करने का अवसर मिलना चाहिए था। विरोध में उन्होंने मंगलवार को बच्चों को स्कूल पहुंचाने का काम बंद रखा।
हड़ताल के कारण कई इलाकों में अभिभावकों और विद्यार्थियों को परेशानी हुई। कामकाजी अभिभावकों को बच्चों को स्कूल पहुंचाने और छुट्टी के बाद घर लाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। चालकों ने जब्त वाहनों के मामले में व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने की मांग की है।














