नई दिल्ली, 28 सितंबर।
भारत और मंगोलिया के बीच आज से सीधी और बिना रुके हवाई सेवा शुरू हो गई है। नई दिल्ली से मंगोलिया की राजधानी उलानबटार के लिए नियमित उड़ान शुरू होने के बाद दोनों देशों की राजधानियों के बीच यात्रा का समय घटकर करीब पांच घंटे रह जाएगा।
यह सेवा मंगोलिया की हूनू एयर द्वारा संचालित की जाएगी और हर सोमवार को उड़ान उपलब्ध रहेगी। इससे पहले यात्रियों को बीजिंग या इंचियोन जैसे शहरों में रुककर यात्रा पूरी करनी पड़ती थी, जिसमें करीब 13 से 18 घंटे तक का समय लगता था।
नई सीधी उड़ान से भारत और मंगोलिया के बीच पर्यटन, चिकित्सा यात्रा और व्यापार के लिए आवागमन आसान होने की उम्मीद है। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच सामान की तेज और संभावित रूप से कम खर्च वाली आवाजाही से द्विपक्षीय व्यापार को भी बढ़ावा मिल सकता है।
इस हवाई सेवा की घोषणा पिछले साल अक्टूबर में नई दिल्ली में मंगोलिया के राष्ट्रपति यू. खुरेलसुख और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान की गई थी।
भारत और मंगोलिया एक-दूसरे के नागरिकों को वीजा-मुक्त यात्रा की सुविधा देते हैं। इसके अलावा दोनों देशों के नागरिकों के लिए ई-वीजा की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे यात्रा की प्रक्रिया और आसान होती है।














