नई दिल्ली, 07 अक्टूबर।
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें वर्तमान समय का अवतार बताया है। एक्स पर साझा किए गए अपने निबंध में तोबगे ने मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि एक योग्य नेता में ज्ञान, करुणा और साहस जैसे गुण होने चाहिए और ये सभी निःस्वार्थ सेवाभाव से जुड़े हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी एक पुरानी मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय उन्होंने अनायास ही उन्हें विष्णु का अवतार बताया था। तोबगे के अनुसार, मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का स्पष्ट लक्ष्य देश के सामने रखा है और भारतीयों में इस दिशा में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने केवल भविष्य की दिशा नहीं दिखाई, बल्कि लोगों को उस लक्ष्य पर विश्वास करने और उसे हासिल करने के लिए प्रेरित भी किया है। तोबगे ने भारत की पड़ोसी देशों को साथ लेकर चलने की नीति की भी सराहना की और वैश्विक दक्षिण के हितों के समर्थन, वैश्विक दक्षिण शिखर सम्मेलन तथा अफ्रीकी संघ को जी20 का स्थायी सदस्य बनाने में भारत की भूमिका का उल्लेख किया।
भूटान और भारत के संबंधों को विकसित भारत और विकसित भूटान की साझा यात्रा से जोड़ते हुए तोबगे ने ‘बी4बी’ यानी ‘भूटान के लिए भारत, भारत के लिए भूटान’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह विचार भूटान में स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों, पुलों, जलविद्युत, प्रौद्योगिकी, कृषि और उद्यम जैसे क्षेत्रों में दिखाई देता है। अपने निबंध में तोबगे ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘बड़े भाई’ के रूप में संबोधित करते हुए पांच वर्ष पहले की उस बातचीत का भी जिक्र किया, जब उन्होंने मोदी को विष्णु का अवतार बताया था। उन्होंने कहा कि गहन विचार के बाद अब उन्हें लगता है कि उनका आकलन सही था और उन्होंने यह भी समझ लिया है कि वह कौन सा अवतार है। तोबगे ने मोदी को विष्णु का अंतिम अवतार ‘कल्कि’ बताते हुए इसे अव्यवस्था पर विजय, धर्म की स्थापना और नवजीवन से जोड़ा।














