कोलकाता, 07 अक्टूबर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले गुरुवार, 8 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल पहुंचेंगे। दोनों पदाधिकारी पूर्व बर्धमान के ‘उल्लास’ स्थित संघ कार्यालय में राज्य के पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बैठक सुबह नौ बजे शुरू होगी, जिसमें संगठन से जुड़े आंतरिक और सांगठनिक विषयों पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान राज्य में संघ के संगठनात्मक ढांचे में संभावित बदलावों पर भी विचार होने की संभावना है। बैठक समाप्त होने के बाद मोहन भागवत बर्धमान विभाग के स्वयंसेवकों से मुलाकात करेंगे। सरसंघचालक के गुरुवार दोपहर बाद लौटने का कार्यक्रम है। हालांकि, बैठक के एजेंडे और संभावित संगठनात्मक बदलावों को लेकर संघ की ओर से विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
मोहन भागवत के दिसंबर में भी पश्चिम बंगाल आने की संभावना है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत उनके कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले ‘लक्ष कंठ गीता पाठ’ आयोजन में शामिल होने की चर्चा है। इस दौरान राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध नागरिकों से उनकी मुलाकात भी संभावित है। हालांकि, दिसंबर के दौरे और संबंधित कार्यक्रमों को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। गुरुवार का दौरा मुख्य रूप से संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद पर केंद्रित रहेगा।














