कुल्लू, 07 अक्टूबर।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के रोहतांग क्षेत्र में स्थित सामरिक महत्व की अटल टनल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने टनल के निर्माण में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की भूमिका और योगदान की सराहना की। राष्ट्रपति ने कहा कि बीआरओ के समर्पण और कठिन परिश्रम से तैयार अटल टनल वैश्विक मानकों के अनुरूप इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके अनुसार, यह महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना देश के चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्रों में भी निर्बाध संपर्क कायम रखने की भारत की तकनीकी क्षमता, दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल टनल के निर्माण से मनाली का लाहौल-स्पीति घाटी से वर्षभर संपर्क बना रहता है। 9.02 किलोमीटर लंबी इस टनल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 में किया था। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान मनाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक भुवनेश्वर गौड़ और लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा भी मौजूद रहीं। अटल टनल देश के दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में पूरे साल सड़क संपर्क बनाए रखने वाली महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है।














