नई दिल्ली, 07 अक्टूबर।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क में कई प्रमुख अमेरिकी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात कर भारत में निवेश और कारोबार के अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने अमेरिकी कंपनियों को भारत में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाने और निवेश बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया। गोयल ने ब्लैकस्टोन के अध्यक्ष एवं मुख्य परिचालन अधिकारी जोनाथन ग्रे और अंतरराष्ट्रीय निजी इक्विटी कारोबार के चेयरमैन प्रकाश मेलवानी के साथ भारत में कंपनी के निवेश तथा विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी विस्तार पर बातचीत की। न्यूबर्गर बर्मन के चेयरमैन एवं सीईओ जॉर्ज वॉकर और उनकी नेतृत्व टीम के वरिष्ठ सदस्यों के साथ बैठक में निवेश संबंधों को मजबूत करने के साथ वित्तीय और धन प्रबंधन सेवाओं में सहयोग बढ़ाने के विकल्पों पर विचार हुआ। वहीं, द एस्टी लॉडर कंपनीज के अध्यक्ष एवं सीईओ स्टीफन डी ला फेवेरी के साथ चर्चा में भारत में विनिर्माण और सोर्सिंग बढ़ाने तथा तेजी से विकसित हो रहे ब्यूटी और पर्सनल केयर बाजार में कारोबार की संभावनाओं पर बात हुई।
गोयल ने आईबीएम के चेयरमैन एवं सीईओ अरविंद कृष्णा से भी मुलाकात की, जिसमें भारत में कंपनी की भागीदारी मजबूत करने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, क्वांटम कंप्यूटिंग सहित उभरती तकनीकों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। मेटलाइफ के अध्यक्ष एवं सीईओ मिशेल ए. खलाफ के साथ बैठक में भारत में कंपनी के विस्तार, बीमा और वित्तीय सेवा क्षेत्र में अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया। जनरल अटलांटिक के चेयरमैन एवं सीईओ विलियम ई. फोर्ड के साथ गोयल ने भारत के साथ कंपनी के निवेश और व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा की। इसके अलावा एआईए ग्रुप के गैर-कार्यकारी अध्यक्ष मार्क टकर से मुलाकात में भारत में एआईए की मौजूदगी, बीमा एवं वित्तीय सेवा क्षेत्रों में अवसरों और 2047 तक सभी के लिए बीमा के भारत के विजन पर बातचीत हुई।














