भोपाल, 28 सितंबर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश को मिलेट स्टेट बनाने में अनूपपुर की अहम भूमिका है। सोमवार को मुख्यमंत्री निवास से उन्होंने बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली जुड़कर किसानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि केवई उद्वहन सिंचाई परियोजना से जिले में सिंचाई सुविधाएं मजबूत हो रही हैं और प्रदेश में सिंचाई क्षमता 100 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाने का लक्ष्य है। किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री ने श्रीअन्न और धान उपार्जन के लिए समय पर पंजीयन कराने का आग्रह किया। उन्होंने किसान चौपालों के जरिए योजनाओं की जानकारी देने और समस्याओं के समाधान पर जोर दिया। अनूपपुर के किसान धान, गेहूं, दलहन-तिलहन के साथ मशरूम और स्ट्रॉबेरी की खेती भी कर रहे हैं।
उन्होंने किसानों को पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और नई तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़ी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई।














