उज्जैन, 28 सितंबर।
सिंहस्थ 2028 के लिए उज्जैन में चल रहे सड़क चौड़ीकरण के तहत छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को समाज के लोग स्वयं हटा रहे हैं। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि रविवार रात प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई थी। इसमें सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले हिस्से को समाज की ओर से हटाने पर सहमति बनी।
सोमवार सुबह से मस्जिद का प्रभावित हिस्सा हटाने का काम शुरू किया गया। कलेक्टर के अनुसार कार्रवाई में किसी तरह की बाधा नहीं है। सुबह कुछ लोगों ने व्यवधान डालने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने तुरंत नियंत्रित कर लिया। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।
शहर काजी खलिकुर्रहमान और समाज के पदाधिकारियों ने भी संदेश जारी कर कहा कि मस्जिद से जुड़ा मामला आपसी सहमति से सुलझा लिया गया है और किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए।
मार्ग चौड़ीकरण की निगरानी के लिए संभागायुक्त, पुलिस अधिकारी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और नगर निगम आयुक्त सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।














