भोपाल, 28 सितंबर।
मध्य प्रदेश के देवास जिले में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए शुरू की गई देवास जॉब पोर्टल पहल को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में डिजिटल रोजगार मंच को स्कॉच अवार्ड की गोल्ड श्रेणी से सम्मानित किया गया।
यह पहल युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर ऋतु राज सिंह के नेतृत्व में संचालित की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 अक्टूबर 2025 को देवास के बागली विकासखंड में पोर्टल की शुरुआत की थी।
देवास जॉब पोर्टल के माध्यम से स्थानीय युवाओं और औद्योगिक इकाइयों को एक ही डिजिटल मंच पर जोड़ने की व्यवस्था की गई है। सितंबर 2026 तक पोर्टल पर 12,600 से अधिक युवाओं ने पंजीयन कराया है। वहीं, 258 उद्योगों और संस्थानों ने इसमें भागीदारी की है।
इन संस्थानों की ओर से 4,600 रोजगार अवसर उपलब्ध कराए गए, जिनमें 1,000 से अधिक स्थानीय अभ्यर्थियों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। प्रशासन के अनुसार, यह मॉडल स्थानीय प्रशासन, उद्योगों और युवाओं के बीच डिजिटल संपर्क मजबूत कर रोजगार की तलाश और उपलब्ध अवसरों के बीच की दूरी कम करने में सहायक बना है।














