जोधपुर, 28 सितंबर।
कुड़ी भगतासनी क्षेत्र के राजीव गांधी नगर में एक किशोरी को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो भाइयों ने अन्य युवकों के साथ मिलकर किशोरी को घर से बाहर बुलाया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। परिजनों ने किसी तरह किशोरी को बचाकर घर के अंदर पहुंचाया। इसके बाद आरोपितों ने घर के बाहर खड़ी स्कूटी पर पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया।
कुड़ी भगतासनी थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि राजीव गांधी नगर निवासी महिला की ओर से शिकायत दी गई है। महिला के अनुसार रविवार को सागर और करण नाम के दो युवक कुछ अन्य लड़कों के साथ उसके घर पहुंचे थे। उनके पास पेट्रोल से भरी बोतलें थीं। आरोपितों ने नाबालिग बेटी को आवाज देकर बाहर आने के लिए कहा और धमकी दी।
महिला ने बताया कि बेटी के बाहर आने पर आरोपितों ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। इसके साथ ही उसके साथ मारपीट भी की गई। परिजनों ने बीच-बचाव कर किशोरी को किसी तरह घर के अंदर पहुंचाया। इस दौरान पीड़िता के भाई ने हस्तक्षेप किया तो आरोपितों ने उसके साथ भी मारपीट की।
इसके बाद आरोपितों ने घर के बाहर खड़ी स्कूटी पर पेट्रोल छिड़का और उसे जला दिया। पुलिस ने मामले में सागर और करण के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया है। सागर को फिलहाल शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।














