राजगढ़, 06 अक्टूबर।
मलावर थाना क्षेत्र के शमशेरपुरा गांव के जंगल में मंगलवार सुबह मंदिर के पीछे 17 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। किशोरी छह दिनों से लापता थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भोपाल भेज दिया है। बुधवार को चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
किशोरी 30 सितंबर को मामा के घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं पहुंची। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू हुई थी।
परिजनों ने जामुनियागणेश, कुरावर निवासी 23 वर्षीय अनुराग मालवीय पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी। इसी दिन पगारीबंगला जोड़ के पास हाईवे पर अज्ञात ट्रक की टक्कर से अनुराग की मौत हो गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने अनुराग के रिश्तेदार अभिषेक मालवीय से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर शमशेरपुरा के जंगल में मंदिर के पीछे किशोरी का शव बरामद हुआ।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अनुराग के साथियों और एक युवती की भूमिका की भी आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।














