रायबरेली, 07 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बछरांवा थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में पति ने पत्नी की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। मृतका विद्यावती पिछले करीब पांच वर्षों से अपने घर में अकेली रह रही थीं, जबकि उनके पति रामनाथ ने गांव के पास एक बाग में झोपड़ी बनाकर अलग रहना शुरू कर दिया था। बुधवार सुबह करीब सात बजे विद्यावती शौच से लौट रही थीं, तभी रास्ते में रामनाथ ने उन्हें रोक लिया। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और विवाद बढ़ने पर रामनाथ ने लाठी से विद्यावती पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर गईं। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायल विद्यावती को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति रामनाथ को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद मारपीट की बात सामने आई है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














