जबलपुर, 07 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में वाहन निर्माणी सुरक्षा संस्थान क्षेत्र के पास शोभापुर में बुधवार सुबह एक युवक के खुद को पाकिस्तानी बताए जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों को उसके घुसपैठिया होने का संदेह हुआ और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शिवम पाठक बताया और खुद को उत्तर प्रदेश के गौसगंज का निवासी बताया। उसने पुलिस को परिजनों का मोबाइल नंबर भी दिया। पुलिस ने संबंधित नंबर पर संपर्क कर युवक के बारे में जानकारी जुटाई, जिसके बाद उसके उत्तर प्रदेश निवासी होने की पुष्टि हुई। युवक के हुलिए और बातचीत के तरीके को देखकर स्थानीय लोगों को उस पर संदेह हुआ था, जिसके बाद उसके पाकिस्तानी होने की बात क्षेत्र में फैल गई।
पुलिस की प्राथमिक जांच में युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, वह पहले भी घर से निकल चुका है और परिजन पूर्व में उसे राजस्थान से वापस लेकर आए थे। अब उसके दोबारा घर से निकलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर लिया है और वे युवक को लेने के लिए जबलपुर आ रहे हैं। हालांकि, पुलिस की अब तक की जांच में उसके पाकिस्तानी नागरिक होने की पुष्टि नहीं हुई है। युवक द्वारा बताए गए नाम-पते और अन्य जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस पोर्टल सहित अन्य रिकॉर्ड और उपलब्ध दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, ताकि उसकी पहचान और पृष्ठभूमि पूरी तरह स्पष्ट हो सके। परिजनों के जबलपुर पहुंचने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर युवक को उनके सुपुर्द किया जाएगा।














