फिरोजाबाद, 06 अक्टूबर।
रामगढ़ थाना पुलिस ने मंगलवार को नशीले पदार्थ की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 21.476 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह के अनुसार थाना प्रभारी संजीव कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर डिग्री कॉलेज के अंडरपास के नीचे पुलिस ने घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आकाशवाणी रोड निवासी मुन्तियाज, नूरनगर निवासी फईम और मोहम्मद शोएब के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से कुल 21.476 किलोग्राम चरस बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये है। कार्रवाई के बाद तीनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और उन्हें न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।














