कोलकाता, 07 अक्टूबर।
पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में फर्जी डॉक्टर के रूप में प्रैक्टिस करने के आरोपित शेख साइदुल को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, वह अपनी पत्नी को साथ लेकर दुबई में बसने की तैयारी कर रहा था। मंगलवार को पत्नी के दिल्ली पहुंचने के बाद साइदुल भी उसे लेने के लिए दुबई से दिल्ली आया था, जहां आव्रजन अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने उसे विमानतल पर ही हिरासत में ले लिया। पूर्व बर्धमान पुलिस को सूचना मिलने के बाद बर्धमान थाने की विशेष टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल लाने के लिए दिल्ली रवाना हो गई है। साइदुल की फर्जी गतिविधियों का मामला सितंबर के पहले सप्ताह में सामने आया था, जब पूर्व बर्धमान के नवाबहाट स्थित एक निजी नर्सिंग होम में फाइमोसिस की सर्जरी के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई थी। बच्चे के परिजनों ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया था। मृतक की मां शिल्पा राय ने फोन पर धमकियां मिलने की शिकायत भी की थी।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच में पता चला कि सर्जरी करने वाले साइदुल के पास वैध मेडिकल डिग्री नहीं थी और वह कथित तौर पर फर्जी डिग्री के आधार पर चिकित्सा कर रहा था। उसकी जानकारी के आधार पर स्वास्थ्य विभाग को कई अन्य संदिग्ध फर्जी डॉक्टरों के बारे में भी जानकारी मिली। घटना के बाद प्रशासन ने संबंधित नर्सिंग होम को सील कर दिया था और उसके दो संचालकों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि साइदुल फरार हो गया था। जांच में सामने आया कि वह एक नर्सिंग होम संचालक की मदद से गुलाबबाग मोड़ इलाके की एक सोसाइटी से दुबई चला गया और वहां वीजा ऑन अराइवल पर रह रहा था। वह मोबाइल सिम लगातार बदलकर पत्नी के संपर्क में था और उसे भी दुबई बुलाने की योजना बना रहा था। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी था। गिरफ्तारी के बाद उसे बर्धमान की स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। बच्चे की मां शिल्पा राय ने गिरफ्तारी पर संतोष जताते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया और दोषी को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की।














