कानपुर, 06 अक्टूबर।
थाईलैंड की एक महिला ने कानपुर निवासी इरफान पर शादी के बाद उससे करीब 60 लाख रुपये लेने और रकम वापस मांगने पर भारत में रहने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
महिला के अनुसार करीब चार-पांच वर्ष पहले उसकी इरफान से इंटरनेट माध्यम के जरिए पहचान हुई थी। बातचीत आगे बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकी संबंध बने और बाद में थाईलैंड में दोनों ने विवाह कर लिया।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद इरफान ने अलग-अलग जरूरतों का हवाला देकर उससे करीब 60 लाख रुपये लिए। रकम लौटाने की मांग करने पर उसे भारत आकर स्थायी रूप से रहने के लिए कहा गया और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।
महिला ने यह भी दावा किया कि विवाह के समय इरफान ने अपनी वैवाहिक स्थिति और निजी जीवन से जुड़ी पूरी जानकारी नहीं दी। बाद में उसे पता चला कि उसकी करीब 12 वर्ष पहले शादी हो चुकी थी और उसके तीन बच्चे हैं।
कानपुर पहुंचकर महिला ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी। पुलिस जांच में आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। अपर पुलिस उपायुक्त शिवा सिंह ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














