मिर्जापुर, 29 सितंबर।
आईएएस पद से इस्तीफा देने के बाद दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया वीडियो के जरिए राजनीति में आने की घोषणा की है। उनके बयान के बाद उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में उनके संभावित चुनावी कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वीडियो में दिव्या मित्तल ने कहा कि वह किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं जुड़ेंगी और स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल नेताओं को बदलना नहीं, बल्कि राजनीति में बदलाव लाना है। अपने वीडियो में उन्होंने मिर्जापुर की समस्याओं का भी उल्लेख किया और स्कूल, भूमि पट्टे तथा ग्रामीणों की शिकायतों से जुड़े मामलों को सामने रखा। उन्होंने हलिया ब्लॉक के लहुरियादह समेत अन्य क्षेत्रों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि कई लोगों को बुनियादी सुविधाओं और अधिकारों के लिए अब भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
दिव्या मित्तल ने कहा कि करीब 12 वर्ष की प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने काफी अनुभव हासिल किया और अब लोगों की आवाज बनने का निर्णय लिया है। उनके बयान के बाद मिर्जापुर की नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं, हालांकि उन्होंने किसी सीट से चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा नहीं की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने संबंध में एक बड़े राजनीतिक दल के नेता से मुलाकात के दावे को भी गलत बताया। दिव्या मित्तल ने कहा कि राजनीति में अच्छे लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए इस तरह की बातें प्रचारित की जा रही हैं। उन्होंने अपने वीडियो में मिर्जापुर के विकास और आम लोगों की समस्याओं को राजनीतिक चर्चा के केंद्र में रखने की बात कही।














