अनूपपुर, 29 सितंबर।
पुष्पराजगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत खाटी में बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान बैगा समाज के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। सरपंच भद्दर सिंह नेटी ने अपर कलेक्टर को मांग पत्र सौंपकर पंचायत क्षेत्र की 10 प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की। वार्ड क्रमांक 1 और 2 की बैगा बस्तियों में बिजली पहुंचाने, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पांच प्रमुख सड़कों का निर्माण कराने, एसटी बालक छात्रावास और खेल मैदान उपलब्ध कराने तथा सरकारी बैंक शाखा खोलने की मांग की गई। सरपंच ने बताया कि खाटी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन वर्ष 2023 से तैयार है, लेकिन अब तक इसका संचालन शुरू नहीं हुआ है। इससे ग्रामीणों को इलाज के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है। दूसरी ओर अमलई में करीब 30 दिनों से नल-जल योजना बंद होने के कारण ग्रामीणों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सचिव राजू सोनी को ज्ञापन सौंपकर जलापूर्ति व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए 58 आवेदनों पर सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए। भोलगढ़ के संतोष पटेल ने बीपीएल सूची में नाम जोड़ने, कटकोना के रामलाल कोल ने आर्थिक सहायता और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। वेंकटनगर के ग्रामीणों ने पूर्वजों के नाम दर्ज आबादी भूमि का ड्रोन सर्वे कराकर स्वामित्व योजना के तहत पट्टा देने तथा खजूरवार के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग रखी। जनसुनवाई में मौजूद अधिकारियों ने आवेदकों से समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।














