जबलपुर, 29 सितंबर।
शहर के ऐतिहासिक जल स्रोतों के संरक्षण और आसपास के क्षेत्र को बेहतर स्वरूप देने के लिए चल रहे विकास कार्यों का नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने मंगलवार को अधारताल तालाब पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब के चारों ओर चल रहे सौंदर्यीकरण और अधोसंरचना संबंधी कार्यों की प्रगति देखी। इस दौरान पिचिंग, पेवर ब्लॉक, गार्डेनिंग और पौधरोपण के कार्यों की गुणवत्ता की जांच की गई। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने तालाब के आसपास उपलब्ध खाली जमीन का व्यवस्थित विकास कराने पर जोर दिया। उन्होंने गार्डेनिंग और सघन पौधरोपण के जरिए पूरे परिसर को हराभरा और आकर्षक बनाने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को घूमने और विश्राम के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। मौके पर मौजूद कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, उपयंत्री और ठेकेदार को शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा।














