जोधपुर, 29 सितंबर।
जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन में चल रहे बहुराष्ट्रीय ‘तरंग शक्ति-2026’ युद्धाभ्यास में भारत के स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस और अमेरिका के आधुनिक एफ-35ए लाइटनिंग द्वितीय ने एक साथ उड़ान भरी। एफ-35ए पहली बार भारत में इस युद्धाभ्यास का हिस्सा बना है। जापान स्थित अमेरिकी एयरबेस से छह एफ-35ए लड़ाकू विमान जोधपुर पहुंचे हैं। भारतीय वायु सेना की ओर से जारी वीडियो में तेजस और एफ-35ए को एक साथ उड़ान भरते हुए देखा गया। इस अभ्यास में आधुनिक सेंसर, स्टील्थ तकनीक और सूचना साझा करने की क्षमताओं से लैस एफ-35ए भारतीय वायु सेना तथा अन्य भागीदार देशों के साथ प्रशिक्षण में शामिल हो रहा है। इसका उद्देश्य संयुक्त अभ्यास के जरिए आपसी समन्वय और तैयारी को मजबूत करना है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार ‘तरंग शक्ति-2026’ में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, जर्मनी, श्रीलंका और बांग्लादेश की वायु सेनाएं भाग ले रही हैं। इस तरह कुल आठ देशों की वायु सेनाएं सीधे तौर पर अभ्यास में शामिल हैं, जबकि 32 से अधिक देश पर्यवेक्षक के रूप में हिस्सा ले रहे हैं। जोधपुर के आसमान में विभिन्न देशों के लड़ाकू विमानों ने संयुक्त उड़ानें भरकर हवाई अभियानों का अभ्यास किया। युद्धाभ्यास का उद्देश्य प्रमुख वायु सेनाओं के बीच आधुनिक युद्ध तकनीकों और संचालन संबंधी अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा संयुक्त रूप से आपात परिस्थितियों से निपटने की क्षमता बढ़ाना है। अभ्यास के दौरान दिन और रात में जटिल हवाई हमले, डॉगफाइट और हवा में ईंधन भरने जैसी गतिविधियां भी की जा रही हैं।














