जयपुर, 29 सितंबर।
बिंदायका थाना क्षेत्र की प्रेस्टीज गार्डन कॉलोनी में छह माह की गर्भवती महिला की हत्या कर शव लॉन में दफनाने के मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बाराबंकी निवासी प्रवेश रावत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतका किरण उसकी रिश्ते में चाची थी और दोनों जनवरी से जयपुर में रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्रवेश को किरण के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। इसी बात पर विवाद के बाद उसने कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद रात में लॉन में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया और ऊपर से नमक डाल दिया।
27 सितंबर को मकान से दुर्गंध आने पर घटना का पता चला। मकान मालिक ने लॉन में मिट्टी खुदी देखी और सूचना पुलिस को दी। करीब चार घंटे की कार्रवाई के बाद शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच के दौरान पुलिस को प्रवेश के बाहर भागने की जानकारी मिली। मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे उत्तर प्रदेश जाते समय पकड़ा गया। पुलिस पूछताछ में उसने पहले आत्महत्या की कहानी बताई, फिर हत्या और शव दफनाने की बात स्वीकार करने की जानकारी सामने आई।














