भोपाल, 29 सितंबर।
मध्य प्रदेश पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी, परिवहन और अवैध खेती के खिलाफ पिछले पांच दिनों में कई जिलों में कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ 91 लाख रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ और संबंधित संपत्ति जब्त की है। इसमें स्मैक, डोडाचूरा, गांजा, एमडी ड्रग्स और ब्राउन शुगर शामिल हैं। खरगोन में ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध गांजा खेती पर बड़ी कार्रवाई की गई।
खरगोन के ग्राम जामली और गुवाड़ा ठाटा फलिया में ड्रोन से खेतों की तलाश की गई। दोनों क्षेत्र मोबाइल नेटवर्क से दूर थे और पुलिस को नदी, पहाड़ी व दुर्गम रास्तों से होकर पहुंचना पड़ा। जामली से 9,391 पौधे और गुवाड़ा से 5,800 पौधे जब्त किए गए। कुल 15,191 गांजे के पौधों का वजन 5,974 किलोग्राम और कीमत करीब 2 करोड़ 98 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है।
मंदसौर में स्मैक, डोडाचूरा और एमडी ड्रग्स समेत करीब 70 लाख 44 हजार 400 रुपये की सामग्री जब्त की गई। इंदौर में एमडी ड्रग्स और ब्राउन शुगर सहित 9 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति पकड़ी गई। नरसिंहपुर में स्मैक व मोटरसाइकिल सहित करीब 8 लाख रुपये की संपत्ति जब्त हुई। ग्वालियर में 13 किलो 128 ग्राम गांजा, पन्ना में करीब 1 लाख 46 हजार रुपये, दमोह में 4 किलो 140 ग्राम गांजा और शिवपुरी में गांजा व अन्य सामग्री जब्त की गई। पुलिस की नशे के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।














