नई दिल्ली, 29 सितंबर।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रभारियों एवं सह प्रभारियों की बैठक हुई। यह नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रभारियों और सह प्रभारियों के साथ पहली बड़ी बैठक थी। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी चुनावों की तैयारियों और विभिन्न राज्यों में पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों से अपने-अपने राज्यों में नियमित दौरे करने, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने और जमीनी स्तर से मिलने वाली जानकारी नेतृत्व तक पहुंचाने को कहा गया। बैठक में संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने भी संगठन की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों को लेकर पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में आगामी चुनावों वाले राज्यों के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियों और क्षेत्रवार कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। प्रभारियों और सह प्रभारियों को संबंधित राज्यों में अधिक समय देने तथा स्थानीय कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के साथ संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए गए। पार्टी नेतृत्व ने बूथ स्तर पर नियमित बैठकें करने, युवाओं से संवाद बढ़ाने और संगठनात्मक गतिविधियों का फीडबैक लगातार साझा करने पर जोर दिया। उत्तर प्रदेश में सह प्रभारियों के बीच क्षेत्रवार जिम्मेदारियों के बंटवारे पर भी चर्चा हुई। हाल में भाजपा ने राज्यों के प्रभारियों और सह प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया था, जिसमें उत्तर प्रदेश के लिए विनोद तावड़े के साथ चार सह प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है।














