नई दिल्ली, 29 सितंबर।
राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) के छात्रों ने 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में फैशन और रचनात्मक कौशल के विभिन्न क्षेत्रों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में फैशन टेक्नोलॉजी, डिजिटल इंटरेक्टिव मीडिया डिजाइन, रिटेल सेल्स और विजुअल मर्चेंडाइजिंग जैसी श्रेणियां शामिल थीं। निफ्ट के छात्रों और विशेषज्ञों ने इन क्षेत्रों में भारत की भागीदारी की। छात्रों ने दो रजत पदक और एक उत्कृष्टता पदक हासिल किया। फैशन टेक्नोलॉजी में पदक जीतने वाली निफ्ट नई दिल्ली की विधि सुथार ने वर्ल्डस्किल्स विशेषज्ञ प्रोफेसर (डॉ.) मोनिका गुप्ता और प्रशिक्षण दल के मार्गदर्शन में चार महीने का विशेष प्रशिक्षण लिया था। प्रशिक्षण का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तकनीकी दक्षता, गति और दबाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करना था।
डिजिटल इंटरेक्टिव मीडिया डिजाइन में निफ्ट मुंबई के कोविड अजय गंगराडे और रिटेल सेल्स में निफ्ट पंचकुला की सानिया जोशी ने रजत पदक जीते। फैशन टेक्नोलॉजी में निफ्ट गांधीनगर की विधि नीरवकुमार सुथार को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सटीक प्रदर्शन के लिए उत्कृष्टता पदक प्रदान किया गया। विजुअल मर्चेंडाइजिंग में निफ्ट बेंगलुरु की अनुजा अजय वारे ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। वर्ल्डस्किल्स शंघाई का आयोजन 23 से 26 सितंबर तक चीन के शंघाई में हुआ, जिसमें करीब 68 देशों और क्षेत्रों के 1,400 से अधिक युवा प्रतिभागियों ने 64 कौशल श्रेणियों में हिस्सा लिया। भारत ने प्रतियोगिता में छह रजत और 20 उत्कृष्टता पदक हासिल किए और वैश्विक स्तर पर 10वां स्थान प्राप्त किया।














