रीवा, 29 सितंबर।
रीवा-सीधी सीमा पर छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर एनडीपीएस मामले के एक आरोपित को लेकर जा रही ओडिशा पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, चार वाहनों में पहुंचे लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और फायरिंग के साथ पुलिसकर्मियों से मारपीट की। इसके बाद हमलावर पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपित आदित्य मिश्रा को छुड़ाकर फरार हो गए। बताया गया कि ओडिशा पुलिस की आठ सदस्यीय टीम आरोपित को ओडिशा से रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर आ रही थी। हमलावरों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर तीन बार गोली चलाई और बेसबॉल बैट से मारपीट भी की। टीम के पास एके-47, पिस्टल समेत अन्य हथियार होने के बावजूद हमलावर आरोपित को अपने साथ ले जाने में सफल रहे। फिलहाल किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीधी पुलिस ने आसपास के थानों को अलर्ट कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक हमलावरों के वाहनों के मैहर की ओर जाने की सूचना मिली है, जिसके बाद संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस संदिग्ध वाहनों की पहचान करने के साथ हमले में शामिल लोगों की तलाश कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और आरोपित को छुड़ाने की पूरी साजिश में उनकी क्या भूमिका रही। फिलहाल हमलावरों की गिरफ्तारी और एनडीपीएस मामले के आरोपित आदित्य मिश्रा के संबंध में आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।














