वाशिंगटन, 29 सितंबर।
अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने भारतीय मूल के अपराधी सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एजेंसी ने उसे अपनी दस सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल किया है और उसकी गिरफ्तारी या महत्वपूर्ण सुराग देने वाले के लिए 10 लाख डॉलर यानी करीब 10 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया है।
एफबीआई ने सोमवार को अपनी वेबसाइट और एक्स खाते के माध्यम से इसकी जानकारी दी। एजेंसी के मुताबिक गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी या उसके बारे में उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने वाले को घोषित इनाम दिया जाएगा।
एफबीआई के अनुसार गोल्डी बराड़ उत्तरी अमेरिका में सक्रिय संगठित अपराधी समूह के सरगना लॉरेंस बिश्नोई के निर्देश पर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता है। यह गिरोह अमेरिका और कनाडा में कई गंभीर अपराधों से जुड़ा बताया गया है।
एजेंसी के मुताबिक दक्षिणी कैलिफोर्निया सहित अमेरिका और कनाडा में इस समूह पर लक्षित हत्याओं, राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों पर हमले, गोलीबारी, अपहरण, रंगदारी तथा मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी जैसे अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं।
कैलिफोर्निया की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट संघीय अदालत ने भी सतिंदरजीत सिंह के खिलाफ एक जुलाई को गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का रहने वाला गोल्डी बराड़ पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद सुर्खियों में आया था। उसने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। उस पर 2023 में कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या कराने का आरोप भी है।
बताया जाता है कि गोल्डी बराड़ पुलिसकर्मी का बेटा है और चचेरे भाई गुरलाल बराड़ की हत्या के बाद उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उसने गुरलाल की हत्या के आरोपित पहलवान की हत्या करवाने और लॉरेंस बिश्नोई तथा जग्गू भगवानपुरिया के संपर्क में आने की बात सामने आई।
भारत का गृह मंत्रालय गोल्डी बराड़ को आतंकी घोषित कर चुका है। उसके कनाडा के ब्रैम्पटन में रहकर बब्बर खालसा जैसे आतंकी संगठनों की मदद से आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की बात कही गई है।














