नई दिल्ली, 29 सितंबर।
केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास एवं संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने मंगलवार को पूर्वोत्तर के आठों राज्यों की खान-पान परंपराओं, स्थानीय समुदायों और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘द एन्चेंटिंग 8 : ए कुलिनरी जर्नी थ्रू द नॉर्थईस्ट’ का ट्रेलर लॉन्च किया। सीरीज के जरिए क्षेत्र की अलग-अलग खाद्य परंपराओं और स्थानीय जीवन को देश के व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार, मंत्रालय के अधिकारी और डॉक्यूमेंट्री निर्माण से जुड़े सदस्य मौजूद रहे। मंत्रालय के अनुसार, यह सीरीज पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय और पूर्वोत्तर परिषद के सहयोग से तैयार की गई है। इसका क्रियान्वयन नॉर्थ ईस्टर्न रीजन कम्युनिटी रिसोर्स मैनेजमेंट सोसाइटी ने किया है, जबकि निर्माण अर्बन मीडिया प्रोडक्शंस ने फिलैंडरिंग फोर्कर मीडिया के सहयोग से किया है।
डॉक्यूमेंट्री में पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों के अलग-अलग समुदायों, स्थानीय लोगों और उनकी खान-पान परंपराओं को केंद्र में रखा गया है। इसमें स्थानीय संसाधनों से मिलने वाली खाद्य सामग्री के स्रोत, उसे तैयार करने की प्रक्रिया और भोजन की मेज तक पहुंचने के सफर को दर्ज किया गया है। निर्माण के दौरान स्थानीय समुदायों और खाद्य उत्पादकों से बातचीत कर उनके अनुभवों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया। सीरीज किसी एक खान-पान शैली के बजाय अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों और समुदायों की विविधता को सामने लाती है। स्थानीय सामग्री, पारंपरिक ज्ञान और रोजमर्रा के भोजन के साथ क्षेत्र की कला, संस्कृति और प्राकृतिक परिदृश्य को भी दिखाया गया है। मंत्रालय के अनुसार, भोजन को मुख्य माध्यम बनाकर पूर्वोत्तर की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।














