जयपुर, 29 सितंबर।
शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में 45 वर्षीय किसान रामस्वरूप बैरवा ने खेत में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले बनाए गए वीडियो में किसान ने अपनी मौत के लिए रमेश बांगड़ा को जिम्मेदार बताते हुए आरोप लगाया कि उसकी जमीन धोखे से बेच दी गई और इसके बदले मिलने वाले 8.40 लाख रुपये उसे नहीं दिए गए। किसान ने वीडियो में कहा कि वह लंबे समय से पैसों के लिए चक्कर लगा रहा था, लेकिन उसे रकम नहीं मिली। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार रामस्वरूप 25 सितंबर को करीब 11 बजे घर के पीछे स्थित खेत में गया था। परिजनों को वह वहां अचेत मिला, जिसके बाद उसे जयपुर के आरयूएचएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जांच के दौरान पुलिस को उसके मोबाइल में करीब छह महीने पहले हाथ से लिखे दो पन्नों की तस्वीरें मिलीं। इनमें रुपयों की जरूरत और रकम नहीं मिलने की परेशानी का उल्लेख था।
मृतक की पत्नी सीमा ने शिकायत में आरोप लगाया कि करीब पांच साल पहले रमेश बांगड़ा ने धोखे से जमीन की रजिस्ट्री करवा ली थी। जमीन बेचने के बाद कथित तौर पर 8.40 लाख रुपये नहीं दिए गए। पुलिस अब वीडियो, मोबाइल में मिली तस्वीरों और जमीन के लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।














