नई दिल्ली, 29 सितंबर।
वामपंथी दलों ने मंगलवार को चुनाव आयोग के कार्यालय के सामने धरना देकर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग करते हुए नारे लगाए। इस दौरान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की वरिष्ठ नेता और पोलित ब्यूरो सदस्य बृंदा करात ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को स्वयं पद छोड़ देना चाहिए या उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान वाम दलों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग भी उठाई। इसके अलावा चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित 2023 के कानून में बदलाव कर चुनाव आयोग की स्वायत्तता बहाल करने की मांग की गई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष और कुछ अन्य संगठनों की ओर से कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को वामपंथी दलों ने चुनाव आयोग के सामने धरना दिया।














