मुरैना, 29 सितंबर।
चंबल नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब साढ़े तीन घंटे तक नदी क्षेत्र और उससे जुड़े मार्गों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारी रात 11 बजे से 2:30 बजे तक नायकपुरा, सराय का पुरा, कुल्हाड़ा और गडोरा सहित आसपास के इलाकों में पहुंचे। इस दौरान प्रमुख मार्गों के साथ एसएएफ चौकियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और तैनात पुलिस तथा एसएएफ जवानों को सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। वन नाका चौकी पर वन विभाग और एसएएफ के अधिकारियों-कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए कहा गया कि चंबल क्षेत्र से रेत लेकर आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों को तत्काल रोककर उनकी जांच की जाए तथा अवैध परिवहन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि केवल सर्चिंग तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि चंबल नदी से निकलने वाले अवैध रेत परिवहन को प्रभावी रूप से रोका जाए। इसके लिए एसएएफ चौकियों को मजबूत करने और वहां तैनात बल को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। चंबल से जुड़े मार्गों पर आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच करने तथा बिना पंजीयन, वैध दस्तावेज के अभाव या अवैध रेत परिवहन में शामिल वाहनों को रोककर कार्रवाई करने को कहा गया। पुलिस बल को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सूचना मिलते ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चंबल में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा तथा नियम तोड़ने वाले वाहनों और संबंधित लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।














