ग्रेटर नोएडा, 29 सितंबर।
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 के समापन समारोह में कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब पुराने ‘कट्टा उद्योग’ से नहीं, बल्कि ब्रह्मोस मिसाइल और फाइटर जेट जैसे आधुनिक रक्षा उत्पादों के निर्माण से हो रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, एक्सप्रेसवे, हवाई संपर्क और औद्योगिक ढांचे में सुधार से प्रदेश में निवेश और कारोबार के नए अवसर बने हैं। जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सहित विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से कनेक्टिविटी मजबूत होने की बात भी उन्होंने कही। गिरिराज सिंह ने युवाओं को देश की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता अब रक्षा उत्पादन, आधुनिक विनिर्माण, निर्यात और तकनीक जैसे क्षेत्रों तक विस्तार कर रही है।
केंद्रीय मंत्री ने एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि बनारस की साड़ी, मुरादाबाद का पीतल, भदोही का कालीन और लखनऊ की चिकनकारी जैसे स्थानीय उत्पादों को बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और आधुनिक तकनीक के जरिए वैश्विक बाजार से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस ने उद्यमियों, निर्यातकों, कारीगरों, प्रदर्शकों और खरीदारों को एक मंच पर लाकर कारोबारी अवसर बढ़ाने का काम किया है। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने के लक्ष्य में निर्यात, विनिर्माण और एमएसएमई की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। उन्होंने प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, निर्यात और वैकल्पिक ईंधन के विस्तार पर भी जोर दिया तथा एथनॉल के जरिए ऊर्जा आयात पर निर्भरता घटाने की बात कही। गिरिराज सिंह ने भारत की वैश्विक आर्थिक भूमिका और ब्रिक्स जैसे मंचों पर उसकी भागीदारी का उल्लेख करते हुए यूपीआईटीएस-2026 से जुड़े अधिकारियों, उद्यमियों, कारीगरों और खरीदारों के योगदान की सराहना की।














