जबलपुर, 29 सितंबर।
शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में युवक कांग्रेस ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ता घमापुर से रैली निकालकर एसपी कार्यालय पहुंचे और हत्या, लूट, चाकूबाजी तथा नशीले पदार्थों के कारोबार को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय में प्रवेश करने की कोशिश की, जिसके दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाया। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया। प्रदर्शन को देखते हुए एसपी कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। युवक कांग्रेस ने फरार आरोपितों की गिरफ्तारी, संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की।
यश घनघोरिया ने आरोप लगाया कि शहर में हत्या और लूट सहित अन्य घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और पुलिस अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है। उन्होंने अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशीले पदार्थों के कारोबार का भी मुद्दा उठाया। घनघोरिया ने दावा किया कि कई मामलों में शिकायत लेकर थाने पहुंचने वाले लोगों की सुनवाई नहीं होती और उन्हें कार्रवाई के लिए भटकना पड़ता है। उन्होंने पुलिस और अपराधियों के बीच कथित सांठगांठ की जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। युवक कांग्रेस ने हाल के महीनों में हुई हत्या, बैंक डकैती, चाकूबाजी और रेस्टोरेंट में युवती की हत्या जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा।














