शिमला, 29 सितंबर।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 26 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला ढली थाना क्षेत्र का है, जहां मशोबरा रोड पर दुर्गा माता मंदिर के नजदीक पुलिस ने एक वाहन की सघन तलाशी के दौरान 20 ग्राम हेरोइन बरामद की। इस मामले में पुलिस ने बलदियां निवासी अनुराग माजटा को दबोचा है, जो मूल रूप से चौपाल का रहने वाला है। वाहन से अवैध मादक पदार्थ मिलने के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस अब इस खेप की आपूर्ति और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की गहराई से छानबीन कर रही है।
दूसरी कार्रवाई बालुगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत शोघी पुलिस चौकी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर की गई, जहां स्पेशल सेल की टीम ने दिल्ली से सांगला जा रही एक बस की औचक जांच की। इस दौरान बस में सफर कर रहे 26 वर्षीय क्षितिज वर्मा की संदिग्ध हरकतों पर नजर पड़ने पर पुलिस ने उसकी सीट के नीचे रखी सिगरेट की डिब्बी की तलाशी ली, जिसमें से करीब छह ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। कुल्लू निवासी इस युवक को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया और दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिन्हें जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा।














