बांदा, 29 सितंबर।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की नरैनी कोतवाली पुलिस ने जुआ खेल रहे 11 सट्टेबाजों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि कस्बे के बांदा रोड पर स्थित एक राइस मिल के समीप बने पंकज के कार्यालय में कुछ लोग अवैध रूप से जुए की महफिल सजाए हुए हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर दबिश दी और चारों तरफ से घेराबंदी कर सभी आरोपियों को धर दबोचा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी और वाहन जब्त किए हैं, जिसमें फड़ और आरोपियों की तलाशी से कुल 1,31,970 रुपये नकद, 10 स्मार्टफोन, एक लग्जरी कार तथा तीन मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस ने बरामद किए गए सभी वाहनों को सीज कर दिया है तथा पकड़े गए सभी 11 अभियुक्तों राजकरन, अजय, रघुवंश, अनिल, चंचल, शरीफ, जितेंद्र, रमजानी, नंद किशोर, सिम्मी जीएल और पंकज के विरुद्ध विधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।














