इंदौर, 30 सितंबर।
इंदौर के छोटा बांगड़दा इलाके में बुधवार सुबह नगर निगम के पानी के टैंकर की चपेट में आने से बीटेक की छात्रा की मौत हो गई। उसके साथ दोपहिया वाहन पर जा रहा भाई भी घायल हुआ है। हादसा वेदांत इंटरनेशनल स्कूल के पास करीब 11:30 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार कटनी निवासी 20 वर्षीय अर्चिता झार अपने भाई प्रणय के साथ छोटा बांगड़दा रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान नगर निगम के पानी के टैंकर ने उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर से अर्चिता सड़क पर गिर गई और टैंकर की चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में उसका भाई प्रणय भी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद टैंकर चालक वाहन लेकर मौके से निकलने लगा। हादसा देख रहे राहगीरों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया। इस दौरान लोगों ने चालक की पिटाई भी की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने चालक की पहचान रामचंद्र चौकसे के रूप में की है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक अर्चिता झार सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। हादसे की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस टैंकर की गति, हादसे की परिस्थितियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।














