आगरमालवा, 30 सितंबर।
आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्ध पीठ मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए आए नासिक निवासी करीब 30 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मंगलवार रात दर्शन के बाद वह अपने साथियों के साथ मंदिर परिसर के डोम क्षेत्र के पास खड़ा था। इसी दौरान उसे चक्कर आया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी दर्ज हुई।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के नासिक से करीब 35 से 40 लोगों का दल मंगलवार रात लगभग 8 बजे मंदिर पहुंचा था। दर्शन और पूजा के बाद दल में शामिल रोहित पिता नाना खेरनार, उम्र 30 वर्ष, अपने साथियों के साथ डोम के पास बातचीत कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर गया।
रोहित के गिरने के बाद साथियों ने तत्काल मंदिर प्रबंधन को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मंदिर प्रबंध समिति के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल नलखेड़ा ले गए। वहां खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय यादव सहित अन्य चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उपचार शुरू किया।
युवक को बचाने के लिए सीपीआर सहित हरसंभव प्रयास किए गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच में अचानक आए हृदयाघात को मौत का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया कि मृतक रोहित इंटीरियर डिजाइनर था और दोस्तों के साथ धार्मिक यात्रा पर निकला था। नासिक से आए दल ने पहले उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन किए थे और इसके बाद नलखेड़ा पहुंचा था।
मंदिर में दर्शन के बाद हुई युवक की अचानक मौत से उसके साथ आए लोगों में शोक छा गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद नासिक में मृतक के परिजनों और परिचितों के बीच भी मातम का माहौल है।














