भोपाल, 30 सितंबर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी राकेश अग्रवाल के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस महानिदेशक को मामले की सतत निगरानी के निर्देश भी दिए हैं।
डॉ. यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर राकेश अग्रवाल को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें विनम्र, कर्मठ और सर्वप्रिय अधिकारी बताया। उन्होंने कहा कि चित्रकला में भी अग्रवाल की प्रतिभा से लोग परिचित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना के संबंध में दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार मामले को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है।
मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
गौरतलब है कि भोपाल के सूरजनगर स्थित घर में बुधवार तड़के 70 वर्षीय राकेश अग्रवाल की गला रेतकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में दो दिन पहले काम पर रखे गए केयरटेकर वरुण कुमार पर संदेह जताया गया है, जो घटना के बाद से लापता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।














