देवास, 30 सितंबर।
त्योहारों को देखते हुए आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने बुधवार को दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। जांच के दौरान विक्रय के लिए प्रतिबंधित 1520 किलोग्राम से अधिक खुला रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया गया। जब्त तेल की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 53 हजार रुपये बताई गई है।
जांच दल ने परसमंस ट्रेडर्स का निरीक्षण कर वहां विक्रय के लिए रखा लगभग 980 किलोग्राम प्रतिबंधित रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 69 हजार 740 रुपये आंकी गई है। टीम ने यहां से तेल का नमूना भी लिया। इसके बाद शुक्रवारिया हाट स्थित पूर्वी ट्रेडर्स की जांच की गई। यहां खुले रिफाइंड सोयाबीन तेल के साथ पैकेटबंद तेल का भी नमूना लिया गया और विक्रय के लिए रखा 540 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित खाद्य तेल जब्त किया गया। इसकी बाजार कीमत करीब 83 हजार 160 रुपये बताई गई है।
दोनों प्रतिष्ठानों से जांच दल ने कुल चार नमूने विधिवत सील कर परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे हैं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की अभिहित अधिकारी निर्मला सोमकुंवर ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले जांच दल विजय किराना स्टोर पर तेल थोक विक्रेता द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रतिबंधित रिफाइंड सोयाबीन तेल के पैकेटों के नमूने भी ले चुका है। इन नमूनों को भी परीक्षण के लिए भेजा गया है।














