इंदौर, 30 सितंबर।
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्वास्थ्य मानकों की अनदेखी करने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों की टीम ने निपानिया स्थित ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी (रोमियो लेन) और खातीवाला टैंक के गोस्वामी मोमोज का औचक निरीक्षण किया, जहां बड़े पैमाने पर अनियमितताएं उजागर हुईं। रोमियो लेन के किचन में वेज और नॉन-वेज सामग्री एक साथ संग्रहित मिलीं, पुराना व कीटयुक्त सामान बरामद हुआ और लाइसेंस की समयसीमा भी समाप्त पाई गई, जिसके बाद खाद्य प्रसंस्करण कार्य तुरंत रोक दिया गया।
इसी प्रकार, गोस्वामी मोमोज पर बिना किसी वैध लाइसेंस के बड़े पैमाने पर मोमोज का निर्माण और अन्य विक्रेताओं को आपूर्ति का अवैध कारोबार चल रहा था, जिसके निर्माण स्थल पर भारी गंदगी मिलने पर टीम ने सख्त कदम उठाया। दोनों प्रतिष्ठानों से पनीर, दही, मोमोज और अन्य खाद्य सामग्रियों के कुल सात संदेहास्पद नमूने जब्त कर जांच के वास्ते भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। खाद्य महकमे ने साफ कर दिया है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले ऐसे लापरवाह कारोबारियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।














