इंदौर, 30 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वाराणसी से गुजरात के वड़नगर तक निकाली जा रही जन सेवा संकल्प यात्रा बुधवार को सांवेर विधानसभा क्षेत्र के शिप्रा तट पहुंची। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी और श्रवण चावड़ा की मौजूदगी में ग्रामीणों ने यात्रा में शामिल बाइक राइडर्स का स्वागत किया। इस दौरान यात्रियों ने अपने अनुभव साझा किए। शिप्रा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया और सभी ने आसपास की सफाई के साथ देव दर्शन किए। खेड़ापति हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित चौपाल में मंत्री और सांसद ने ग्रामीणों को यात्रा के उद्देश्य की जानकारी दी। सांसद ने सेवा कार्यों को प्राथमिकता के साथ करने का आह्वान किया।
यात्रा शिप्रा घाट से डकाच्या स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां बाइक राइडर्स का तुलसी के पौधे भेंटकर स्वागत किया गया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली। डकाच्या के अंतरराष्ट्रीय कबड्डी स्टेडियम में मंत्री, सांसद और बाइक राइडर्स ने खिलाड़ियों को ट्रैक सूट वितरित किए। यात्रा प्रमुख शशांक शर्मा ने बताया कि वाराणसी से गंगा का जल लेकर यात्रा वड़नगर जा रही है, जहां शिव मंदिर में उसका अभिषेक किया जाएगा। यात्रा के मार्ग में आने वाली नदियों का जल भी एकत्र कर कलश में वड़नगर ले जाया जा रहा है। यात्रा में प्रधानमंत्री आयुष्मान स्वास्थ्य योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
लसुड़िया परमार पंचायत भवन में भी यात्रा का स्वागत हुआ। मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य पूरा होगा। सांसद लालवानी ने कहा कि यात्रा के माध्यम से वंचित वर्गों के सपनों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। ज्योति पटेल ने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ और चूड़ी व्यवसाय से आय बढ़ी। खुशी पटेल ने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद कर रहे हैं और स्वरोजगार के लिए ऋण लेना आसान हुआ है।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का वस्त्र भेंटकर सम्मान किया गया। बाइक राइडर्स को बैग दिए गए। इसके बाद यात्रा धनखेड़ी, जेतपुरा, धरमपुरी, रिंगनोदिया, बारोली टोल, अलवासा और पालिया होते हुए हातोद पहुंची। रास्ते में ग्रामीणों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। हातोद में बाइक राइडर्स ने पौधारोपण किया और सफाईकर्मियों का सम्मान किया। यात्रा का रात्रि विश्राम हातोद में रहेगा।














