कांकेर, 30 सितंबर।
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बांदे-छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा के पास ग्राम दागुनटोला-पुसगट्टा के बीच जंगल और पहाड़ी इलाके में संयुक्त टीम ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सली डम्प बरामद किया। अभियान में जिला बल, सीमा सुरक्षा बल और बम निरोधक दस्ते की टीम शामिल थी। तलाशी के दौरान डम्प से 12 बोर की एक सिंगल बैरल रायफल, एक डबल बैरल रायफल, 11 कारतूस, दो प्रिंटर समेत अन्य नक्सली सामग्री मिली, जिसे सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में ले लिया।
कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बरामदगी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती और नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस और सुरक्षा बल लगातार संयुक्त सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। इसी अभियान के दौरान टीम को जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई सामग्री का पता चला। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा के निर्देशन में की गई।
अभियान में सीमा सुरक्षा बल की 94वीं वाहिनी बांदे के जवान भी शामिल रहे। अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में बीएसएफ के इंस्पेक्टर एचएन. शर्मा और हनुमान सहाय मीणा टीम कमांडर रहे। सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में आगे भी तलाशी अभियान जारी रखने की बात कही है।














