नई दिल्ली, 30 सितंबर।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कांग्रेस और इंडी गठबंधन की बैठक को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी गलतियों पर माफी मांगने और आत्मचिंतन करने के बजाय भ्रम फैलाने तथा मनगढ़ंत बातें करने में लगी है। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब इंडी गठबंधन ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर दो से आठ अक्टूबर तक देशभर में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकालने की घोषणा की है।
भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में चौहान ने कहा कि कांग्रेस को अपनी गलतियों के लिए लगातार माफी मांगते हुए आत्मचिंतन करना चाहिए, लेकिन पार्टी ने जैसे सुधार नहीं करने का निर्णय ले लिया है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे अपनी गलतियों पर माफी मांगने के बजाय भ्रम फैलाने, झूठ बोलने और मनगढ़ंत आरोप लगाने का काम कर रहे हैं।
इंडी गठबंधन की बैठक में कुछ दलों की गैरमौजूदगी को लेकर भी चौहान ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बैठक शुरू होने से पहले ही गठबंधन के भीतर मतभेद दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने सवाल किया कि उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण चुनावी राज्य से समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव बैठक में क्यों शामिल नहीं हुए। चौहान ने डीएमके, आम आदमी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों की अनुपस्थिति का भी उल्लेख किया।
चौहान ने दावा किया कि इंडी गठबंधन में स्थिति ऐसी हो गई है कि उसके घटक दल अलग-अलग दिशाओं में खड़े दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन राहुल गांधी को नेता के रूप में स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राहुल गांधी की ओर से पार्टी नेताओं से उन पर भरोसा करने की कथित अपील पर भी उन्होंने तंज कसा। चौहान ने कहा कि यदि राहुल गांधी को कांग्रेस के भीतर ही खुद पर विश्वास करने के लिए कहना पड़ रहा है, तो इससे पार्टी में उनके प्रति भरोसे को लेकर सवाल उठते हैं।
प्रस्तावित ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ पर चौहान ने इसे ‘सेव डायनेस्टी मार्च’ यानी परिवार बचाओ अभियान बताया। उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के आंदोलन की मंशा पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक परिवारों को बचाने का अभियान बताया। साथ ही उन्होंने कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी आगामी चुनावों से पहले ही अपनी हार के लिए कारण तलाश रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले राहुल गांधी के बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय राहुल गांधी ने ममता बनर्जी की गलतियों को भाजपा की संभावित जीत का कारण बताया था।














