राजगढ़, 30 सितंबर।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में नेशनल हाईवे-46 पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा मलावर थाना क्षेत्र में ग्राम पगारीबंगला जोड़ के पास हुआ। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कुरावर थाना क्षेत्र के ग्राम जामुनियागणेश निवासी अनुराग पुत्र बालमुकुंद मालवीय पीथमपुर, इंदौर में मजदूरी करता था। बुधवार को वह बाइक से पीथमपुर से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान पगारीबंगला जोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। बताया गया है कि अनुराग के पिता भी मजदूरी करते हैं और परिवार में उसका एक बड़ा भाई है।
पुलिस के अनुसार हादसे की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हो पाई हैं। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से भाग गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि वाहन की पहचान के साथ चालक का पता लगाया जा सके।














