ग्वालियर, 30 सितंबर।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में महिला सशक्तिकरण के लिए शुरू किया गया ‘शक्ति दीदी’ नवाचार जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बुधवार को जिले की पांच और महिलाओं को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही जिले में 132 महिलाएं ईंधन वितरण कर्मी के रूप में काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर रुचिका चौहान ने इस नवाचार की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सम्मान के साथ अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर देना है।
शक्ति दीदी के रूप में महिलाएं अपनी अलग पहचान बनाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी योगदान दे रही हैं। बुधवार को कलेक्टर रुचिका चौहान ने कामतानाथ फिलिंग स्टेशन, बड़ागांव में राधा कुशवाह और वर्षा वर्मा को यह जिम्मेदारी सौंपी।
इसी क्रम में सांई हरीलीला, डीबी सिटी के सामने फूलनदेवी को, सुविधा फ्यूल्स कम्पू में सीमा यादव को और सेठ रतिलाल बेचारदास, फूलबाग पर गायत्री शाक्य को शक्ति दीदी के रूप में ईंधन वितरण कर्मी की जिम्मेदारी दी गई।














