सीहोर, 30 सितंबर।
आगामी शारदीय नवरात्रि को देखते हुए सीहोर जिले के सलकनपुर स्थित विजयासन देवीधाम में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कलेक्टर बालागुरू के., पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना और विजयासन देवीधाम ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय ने बैठक की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश, पार्किंग, शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त सफाईकर्मी तैनात करने तथा स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने प्रवेश और निकासी व्यवस्था, पार्किंग स्थलों तथा प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। यातायात सुचारू रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। मंदिर परिसर एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी, सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए भी आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया।
बैठक में संबंधित विभागों और ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ समन्वय कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि नवरात्रि में सलकनपुर आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन, सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग मिलकर काम करें।
नर्मदा आंवली घाट का निरीक्षण
अमावस्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आंवली घाट पहुंचने की संभावना को देखते हुए कलेक्टर और एसपी ने घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को अधिक गहराई में जाने से रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए। घाट पर पुलिस, होमगार्ड और गोताखोरों की ड्यूटी लगाने के साथ जल नौका उपलब्ध रखने को कहा गया। श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम बनाने के लिए पर्याप्त पार्किंग और संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए गए।














