भोपाल, 30 सितंबर।
मध्य प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा ने बुधवार को प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रदेश में बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, उनकी शिकायतों के शीघ्र निराकरण और स्कूलों में सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
डॉ. निवेदिता शर्मा ने बैठक में विद्यालयों में शौचालयों की स्थिति और माहवारी स्वच्छता प्रबंधन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही बालिका गरिमा सूचकांक, प्रायोजन और बाल संरक्षण से संबंधित मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने कहा कि बच्चों, खासकर बालिकाओं की गरिमा और सुरक्षा के साथ उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागों के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है। बैठक में इन विषयों पर विभागीय स्तर पर बेहतर तालमेल को लेकर भी चर्चा हुई।
आयोग की ओर से प्रदेश में बच्चों की शिकायतों के समाधान के लिए शिविर आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। इन शिविरों के जरिए बच्चों और उनके अभिभावकों की समस्याएं स्थानीय स्तर पर सुनी जाएंगी और उनके त्वरित निराकरण की दिशा में कार्रवाई किए जाने पर चर्चा हुई।
बैठक में शासन और बाल अधिकार आयोग के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया गया। बच्चों के अधिकारों की रक्षा के साथ उनके लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने पर भी चर्चा हुई।














