भोपाल, 30 सितंबर।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार, 1 अक्टूबर को वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में सुबह 10:30 बजे से होगा। इसमें 500 से अधिक वरिष्ठजन और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ उनके स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव, ज्ञान और परिश्रम से परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया है। उनका सम्मान समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और गरिमा के लिए संवेदनशील वातावरण तैयार करने की आवश्यकता बताई। प्रदेश के सभी जिलों में भी वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
100 वर्ष या अधिक आयु वालों को मिलेगा ‘शतायु सम्मान’
प्रदेश के प्रत्येक जिले में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी कर चुके वरिष्ठ नागरिकों को ‘शतायु सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें शॉल और श्रीफल भेंट कर उनके दीर्घ जीवन और समाज में योगदान का अभिनंदन किया जाएगा। वृद्धाश्रमों में रहने वाले वरिष्ठजनों और अन्य बुजुर्गों से संवाद कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी भी ली जाएगी। कैरम, लूडो, शतरंज और गीत-संगीत जैसी गतिविधियों के माध्यम से वरिष्ठजनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
स्वास्थ्य जांच और डिजिटल प्रशिक्षण शिविर
वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे। इनमें रक्तचाप, मधुमेह, आंखों की जांच सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जिला चिकित्सालयों, सिविल डिस्पेंसरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही मोबाइल फोन, इंटरनेट, डिजिटल सेवाओं और कंप्यूटर के इस्तेमाल को लेकर प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर भी लगाए जाएंगे।
अधिकारों और हेल्पलाइन की जानकारी
कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम-2007 और मध्यप्रदेश नियम-2009 के तहत मिलने वाले अधिकारों, सहायता तथा शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी। समस्याओं के समाधान के लिए संचालित एल्डरलाइन हेल्पलाइन 14567 के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। वर्ष 2026 की अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की थीम को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर में वरिष्ठजनों के सम्मान, देखभाल, स्वास्थ्य, अधिकार और सामाजिक सहभागिता पर जोर रहेगा।














