नई दिल्ली, 30 सितंबर।
भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महिला किसान कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन बुधवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में हुआ। देश के अलग-अलग राज्यों और गांवों से हजारों महिला किसान कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत गौ-पूजन, भगवान बलराम पूजन और ध्वजारोहण के बाद ‘हम भारत की नारियां वैभव लायेंगी’ के उद्घोष से हुई। उद्घाटन सत्र में कोटा कृषि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विमला डूंकवाल ने कहा कि भारतीय नारी सृजन और संवर्धन दोनों में सक्षम है। उन्होंने नारी को अन्नपूर्णा और दुर्गा का स्वरूप बताते हुए कहा कि वह अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को भी महत्व देती है।
अखिल भारतीय महिला संयोजिका मंजू दीक्षित ने कहा कि महिला किसानों की पारंपरिक छवि में बदलाव की जरूरत है। उनके अनुसार, आज महिला किसान नई तकनीक और ऊर्जा के साथ परिवार तथा देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। सम्मेलन में अखिल भारतीय अध्यक्ष के. साईं रेड्डी, उपाध्यक्ष सुशीला विश्नोई और मंत्री वीना सतीश ने भी विचार रखे। समापन सत्र में भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने कहा कि 2047 के विकसित और स्वस्थ भारत का लक्ष्य ‘गौ-कृषि-वाणिज्यम्’ और जैविक खेती के बिना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने जहरमुक्त खेती, रोगमुक्त समाज और अमृत आहार आधारित नीति बनाने का आह्वान किया। अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी ने कहा कि स्वावलंबी और आत्मनिर्भर महिला किसानों को सम्मान मिलने से गांव, समाज और परिवार का गौरव बढ़ेगा।
सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला किसानों को सम्मानित किया गया। गौ-कृषि-वाणिज्यम् के लिए महाराष्ट्र की सुनंदा सायसिंग, जैविक कृषि के लिए पश्चिम बंगाल की दीपाली ओरांव और बीज संरक्षण के लिए गुजरात की कमला बेन को सम्मान मिला। पशुपालन के क्षेत्र में पश्चिम बंगाल की अंबा कालिंधी और पंपा गराई, रोजगार सृजन के लिए बिहार की पुष्पा सिंह तथा खाद्य प्रसंस्करण के लिए ओडिशा की माया सिन्हा महापात्रा और पश्चिम बंगाल की सुलता चटर्जी एवं शुक्ला बैरागी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचीं महिला किसान पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं। उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में लोकगीत और सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए, जिससे स्टेडियम में देश की सांस्कृतिक विविधता और ‘विविधता में एकता’ की झलक देखने को मिली। सम्मेलन में शामिल कई महिला किसान अपने खर्च पर टिकट लेकर दिल्ली पहुंचीं। विभिन्न सत्रों में उन्होंने कृषि क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की और सरकार से इन समस्याओं पर ध्यान देने का आग्रह किया। कार्यक्रम में आरएसएस के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल जी, राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय सह-संपर्क प्रमुख रितु शर्मा और भारतीय किसान संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।














